चाटीविंड फ्लाईओवर से संगराणा साहिब पंप तक तरनतारन रोड होगा 6 लेन

अमनदीप सिंह | अमृतसर चाटीविंड फ्लाईओवर से संगराणा साहिब पेट्रोल पंप तक करीब 2 किमी तरनतारन रोड को 6 लेन किया जाएगा। 11 करोड़ के प्रोजेक्ट पर पीडब्ल्यूडी विभाग फरवरी के पहले हफ्ते में काम शुरू करेगा। फिलहाल यह सड़क फोरलेन है और दोनों ओर ड्रेन बनी हुई है, जबकि ड्रेन के साथ सर्विस लेन दी गई है मगर ड्रेन की वजह से सड़क संकरी महसूस होती है और यातायात में परेशानी रहती है। काम होने के बाद यहां से रोजाना गुजरने वाले करीब एक लाख लोगों को फायदा होगा। तविंदरपाल सिंह ने बताया कि करीब 15 साल के बाद इस सड़क को ऊंचा करने का काम किया जा रहा है। इससे लोगों को यहां पानी जमा रहने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। वहीं बलदेव सिंह ने कहा कि इस सड़क से रोजाना लाखों लोग गुजरते हैं, यहां 24 घंटे गंदा पानी जमा रहता है। अब ड्रेन सड़क के साइडों में बनेगी तो इससे राहत मिलेगी। सड़क के बड़े हिस्से में बनी ड्रेन को हटाया जाएगा। जो ड्रेन सड़क के बीच बनी हुई है उसे सड़क के दोनों किनारों पर शिफ्ट किया जाएगा। ड्रेनों के ऊपर फुटपाथ बनाया जाएगा, जिससे पैदल चलने वालों को भी सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा। लेवल 4 फीट नीचा होने के कारण अकसर हल्की बारिश होने पर यह पूरा हाईवे पानी में डूब जाता है। अब सड़क को पूरी तरह ऊंचा कर तरनतारन रोड के लेवल पर लाया जाएगा, जिससे बारिश का पानी जमा नहीं होगा और यातायात सुचारू रहेगा। चाटीविंड फ्लाईओवर से संगराणा साहिब पेट्रोल पंप तक सड़क को 6 लेन किया जा रहा है। फरवरी में काम शुरू किया जाएगा। ड्रेन को हटाकर साइडों में शिफ्ट किया जाएगा। इसे तरनतारन रोड के साथ लेवल पर लिया जाएगा। -सिमरनजीत सिंह, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *