10 से 50 रुपए के बीच होगा शुल्क, सिर्फ रिजर्वेशन करवाने वाले यात्रियों के लिए ही रहेगी सुविधा जो स्वैच्छिक होगी

विक्की कुमार | अमृतसर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब स्टेशन पर यात्रियों के लिए एसी वेटिंग हाल की सुविधा शुरू की जा रही है। इससे खासतौर पर उन यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें ट्रेन लेट होने की स्थिति में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। रेलवे स्टेशन जनरल टिकट काउंटर स्थित वेटिंग हाल के पास ही रेस्टोरेंट वाली जगह पर एसी वेटिंग हाल का निर्माण किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का करीब 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष काम 20 दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इसकी टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी और फिर इसे यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। एसी वेटिंग हाल का उपयोग करने के लिए यात्रियों को निर्धारित शुल्क देना होगा। यह शुल्क 10 से 50 रुपए के बीच रहेगा। प्रति घंटे के हिसाब से यह शुल्क यात्रियों से वसूल किया जाएगा। यह सुविधा सिर्फ रिजर्वेशन करवाने वाले यात्रियों के लिए ही रहेगी क्योंकि देशभर के विभिन्न जिलों में स्टेशनों पर रिजर्वेशन करवाने वाले यात्रियों को ही यह सुविधा दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह सुविधा पूरी तरह से स्वैच्छिक होगी और जो यात्री अतिरिक्त आराम चाहते हैं तो इसका लाभ उठा सकेंगे। गौरतलब है कि देश के कई बड़े रेलवे स्टेशनों पर पहले से ही एसी वेटिंग हाल की सुविधा उपलब्ध है और यात्रियों से इसका सकारात्मक फीडबैक भी मिला है। खासकर गर्मी के मौसम में और ट्रेनों की देरी के दौरान यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित होती है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि एसी वेटिंग हाल शुरू होने से स्टेशन पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक माहौल मिलेगा। इससे स्टेशन की सुविधाओं में भी इजाफा होगा और यात्रियों का यात्रा अनुभव बेहतर होगा। रेलवे की ओर से आए दिन यात्रियों को सुविधाएं देने में वृद्धि की जा रही है। यात्रियों के लिए वेटिंग हाल में मसाज कुर्सी लगाई गई है। हालांकि इसके चार्ज वसूले जा रहे हैं, लेकिन यह सुविधा उन यात्रियों के लिए शुरु की गई है, जो अलग-अलग शहरों से होते हुए अमृतसर स्टेशन पर पहुंचते हैं। इसके अलावा स्टेशन पर वाई-फाई की सुविधा भी दी जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *