भास्कर न्यूज | अमृतसर डीसी ने 15 सीनियर सहायक, जूनियर सहायक और क्लर्कों के तबादले किए हैं। इन तबादलों में विवादों में रहे जूनियर सहायक यादविंदर सिंह को अब फिर पब्लिक डीलिंग की सीट पर तैनात कर दिया गया है। यादविंदर हाल ही में एचआरसी ब्रांच में रहने के दौरान रिकार्ड को खुर्द-बुर्द करने के मामले में विवादों में रहे। उसके बाद उन्हें वहां से हटाकर एसडीएम-1 दफ्तर में तैनात कर दिया गया, लेकिन अब उन्हें फिर से तहसीलदार-2 दफ्तर में तैनात कर दिया गया है यहां उन्हें सेल्स रिकार्ड, सभी तरह के सर्टिफिकेट आदि की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी इस नियुक्ति के बाद दफ्तरों में तैनात मुलाजिमों में चर्चा का माहौल है। फिलहाल तबादलों के आदेश मंगलवार देर शाम को जारी हुए तो यादविंदर सिंह ने बुधवार को कार्यभार भी संभाल लिया। डीसी दलविंदरजीत सिंह ने डीसी दफ्तर में तैनात कर्मचारियों के तबादले किए जाने के साथ-साथ मंगलवार को 2 कानूनगो और 14 पटवारियों के भी तबादले किए। कानूनगो हरजिंदर सिंह को राजासांसी से गुरु का बाग और पटवार सर्किल जगदेव कलां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है।


