निगम की लापरवाही से हादसा: कचहरी पुल उतरते ही गड्ढा खोदा, टैंकर खड़ा किया, रात में टकराई कार

भास्कर न्यूज | अमृतसर कचहरी पुल उतरते ही गड्ढा खोदकर निगम ने पानी का टैंकर खड़ा कर दिया जिससे कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक घायल हो गया जिसे लोगों ने निजी अस्पताल में पहुंचाया। हादसा बुधवार रात तकरीबन साढ़े 9 बजे का है। मौके पर पहुंचे घायल के परिजनों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने कहा कि भंडारी पुल की ओर जाने के लिए कचहरी पुल से युवक कार में जा रहा था। पुल से उतरते समय बीआरटीएस लेन से होते हुए निकल रहा था कि सामने कोई खुदाई का काम चल रहा था। निगम की पानी वाली टंकी ट्राली लेन के बीचों बीच खड़ी की थी, जिसमें कार की टक्कर हो गई। हादसे के बारे में पता चला तो थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बीआरटीएस लेन में निगम कर्मी काम कर रहे थे। वहां निगम की पानी वाली टंकी ट्राली को लगाया था, मगर टंकी के पीछे और साइड में बेरिकेडिंग भी की थी। कार तेज रफ्तार में थी इसलिए टंकी के साथ टक्कर हो गई। हालांकि निगम कर्मी मौके से चले गए हैं। इस मामले में परिजनों का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम अस्पताल गई है। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायल के परिजनों का आरोप है कि यहां कोई रिफ्लेक्टर नहीं लगाया गया था और न ही आगे काम चल रहा है का कोई बोर्ड लगाया था। यह हादसा नगर निगम की लापरवाही के कारण हुआ है। जब लेन में काम चल रहा था तो रास्ते को बंद करना चाहिए था। अस्पताल में उपचाराधीन घायल की हालात गंभीर बनी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *