भास्कर न्यूज | अमृतसर श्री दरबार साहिब के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया। 3 दिन पहले पुलिस ने एसजीपीसी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपी सुब्हान रंगरीज को गाजियाबाद से काबू कर पुलिस अपने साथ लेकर सिटी पहुंची। हालांकि पुलिस अब आरोपी से पूछताछ करेगी। गौर हो कि सुब्हान रंगरीज 13 जनवरी को श्री दरबार साहिब में आया था। उसने सरोवर किनारे बैठकर कुल्ला किया। इसके बाद परिसर में घूमा और दूसरे साथी से वीडियो शूट करवाया था। वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला जो वायरल हो गया। वीडियो में उसने खुद को मुस्लिम शेर बताया। सिख श्रद्धालुओं ने एतराज जताया कि पवित्र सरोवर में थूक कर युवक ने धार्मिक भावना आहत की है। इसके अलावा गोल्डन टेंपल की ओर उंगली भी दिखाई। इसके बाद एसजीपीसी ने कड़ा एतराज जताया। आरोपी ने 2 बार वीडियो जारी करके माफी मांगी थी, लेकिन सिख समुदाय उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। फिर 24 जनवरी को यूपी के गाजियाबाद में निहंग सिंहों ने पकड़ लिया था और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया था। तब से आरोपी गाजियाबाद पुलिस की हिरासत में था। बुधवार को अमृतसर लाया गया।


