बस्सी की पहल के बाद वल्ला पुल पर सफाई अभियान शुरू

भास्कर न्यूज |अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी द्वारा वल्ला पुल की बदहाल स्थिति को लेकर मुद्दा उठाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को वल्ला पुल पर जेसीबी मशीन भेजकर सफाई अभियान शुरू किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है। दिनेश बस्सी ने बताया कि वल्ला पुल का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा था, जिसके चलते रोजाना भारी ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी। पुल के आसपास फैली गंदगी, कीचड़ और गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही, आने वाले दिनों में वल्ला में लगने वाले मेले को देखते हुए हालात और भी गंभीर हो गए थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए दिनेश बस्सी ने सोमवार को अपने साथी काउंसलरों के साथ मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बस्सी की सख्त चेतावनी के बाद प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार को वल्ला पुल पर सफाई कार्य शुरू कर दिया। जेसीबी मशीन के जरिए जमा कीचड़ और मलबा हटाया जा रहा है, ताकि मार्ग को अस्थायी रूप से सुचारु किया जा सके। प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि मेला समाप्त होते ही पुल निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *