भास्कर न्यूज | अमृतसर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के कार्यालय की ओर से ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भविष्य निधि आयुक्त लोकेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में कोचर संग उप एक्रेलिक लिमिटेड, होटल डिवीजन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान ईपीएफओ के नोडल अधिकारियों ने नियोक्ताओं और कर्मचारियों के साथ केंद्र सरकार की नई योजनाओं, डिजिटल सेवाओं और शिकायत निवारण प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत एक लाख रुपए तक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। योजना में कर्मचारियों को अधिकतम 15 हजार रुपए तक का एक माह का वेतन दो किस्तों में दिया जाएगा। वहीं नियोक्ताओं को नव नियुक्त कर्मचारियों पर 3 हजार रुपए प्रतिमाह तक की सहायता दी जाएगी। यह योजना 15 अगस्त 2025 से 31 जुलाई 2027 तक पंजीकरण के लिए खुली रहेगी। सरकार ने इस योजना के लिए करीब 1 लाख करोड़ रुपए का बजट तय किया है, जिससे 3.5 करोड़ रोजगार सृजित होने की संभावना जताई गई। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि कई लाभार्थियों के बैंक खाते अभी डीबीटी के लिए आधार से लिंक नहीं हैं। नियोक्ताओं और कर्मचारियों से अपील की गई कि वे अपने बैंक खाते डीबीटी के लिए अनिवार्य रूप से सक्षम कराएं, ताकि मार्च 2026 में पहली किस्त सीधे खाते में ट्रांसफर की जा सके। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उच्च वेतन पेंशन से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। ईपीएफओ कार्यालय ने बताया कि जनवरी 2026 में 7,349 दावों का निपटारा किया गया, जिनमें से 7,175 दावे 10 दिनों के भीतर सुलझाए गए। इसके अलावा 37 नए पेंशनधारकों को पेंशन शुरू की गई और 27,019 पेंशनभोगियों को भुगतान किया गया। भास्कर न्यूज़ पूरी छूट दी जाएगी।


