भास्कर न्यूज | अमृतसर वेस्ट हसके के अंतर्गत आते वार्ड नंबर 70 के निवासियों के लिए मूलभूत सुविधाएं अब एक सपना बनकर रह गई हैं। एकता नगर, छोटा हरिपुरा, हरिपुरा, घुमियारां दा मोहल्ला और गली अमीचंद के लोग लंबे समय से प्रशासन की अनदेखी और बदहाली का सामना कर रहे हैं। सीवरेज, सड़क और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं का पक्का समाधान नहीं किया जा रहा। गली अमीचंद और घुमियारां दा मोहल्ला में आए दिन सीवरेज चैंबर ब्लॉक हो जाते हैं। गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। बदबू और गंदगी के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। इलाकों की सड़कें भी बेहद खराब हालत में हैं। सीवरेज के ढक्कन टूटे पड़े हैं, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। छोटा हरिपुरा इलाके में हाई वोल्टेज बिजली की तारें तरीके से लटक रही हैं। वहीं एकता नगर में बिजली के मीटरों से जुड़ी तारों में आए दिन चिंगारियां निकलती रहती हैं। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। वार्ड 70 के पार्षद विजय कुमार ने बताया कि खापड़खेड़ी में सीवरेज प्लांट की मोटरें न चलने से वार्ड में गंदा पानी बैक मारता है। वह कई बार कह चुके लेकिन इसका हल नहीं किया जा रहा। सड़कों और बिजली से संबंधित समस्याओं के बारे में निगम, ट्रस्ट और बिजली विभाग को कहा जा चुका है। कांग्रेस से चुनाव लड़े किशन लाल बब्बा ने कहा कि वार्ड में लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। लोग अज भी उनके पास शिकायत लेकर पहुंचते है। पार्षद अपना फर्ज निभाएं और लोगों की परेशानी हल करें। क्योंकि सीवरेज, पानी, बिजली, सड़कें लोगों की मूलभूत सुविधाएं है, जो लोगों को मिलनी चाहिए। पुष्पा, निवासी एकता नगर ने बताया कि एकता नगर में बिजली के मीटरों की तारों से चिंगारियां निकलती रहती हैं। हर समय हादसे का डर रहता है। सड़कों की हालत भी खराब हैं। अशोक कुमार, निवासी छोटा हरिपुरा ने बताया कि गली में हाई वोल्टेज तारें लटक रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह बहुत खतरनाक है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। सुशील कुमार, निवासी गली अमीचंद ने बताया कि गली में सीवरेज की समस्या बहुत पुरानी है। कई बार शिकायत की, लेकिन आज तक पक्का समाधान नहीं किया गया। एकता नगर को जाती सड़क। ब्लॉक सीवरेज चैंबर। गली में सीवरेज का पानी। एकता नगर में तारों का जाल।


