भास्कर इनसाइट गांव महराणा में पांच दिन पहले ट्रांसपोर्टर सी सुब्रमण्यम को 3 गोली मारने वाले तीनों बदमाशों की बुधवार अल सुबह सीआईए व एसटीएफ सोनीपत की संयुक्त टीम के साथ जौंधन खुर्द रोड पर मुठभेड़ हो गई। टीम ने एक नाबालिग सहित तीनों बदमाशों को काबू किया। आरोपियों की पहचान नौल्था निवासी सुनील उर्फ गुंडा, डाहर गांव निवासी प्रिंस व तीसरे आरोपी ने नाबालिग के रूप में हुई। मुठभेड़ में आरोपी सुनील उर्फ गुंडा व प्रिंस को पैर में एक-एक गोली लगी। जिन्हें टीम ने जिला नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल कराया। आरोपियों से मौके पर दो देसी पिस्टल बरामद किए। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को बुधवार अलसुबह सूचना मिली थी कि तीनों बदमाश वारदात को अंजाम देने की फिराक खड़े हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के चेतावनी दी, इसके बाद भी बदमाशों ने फायर किए तो पुलिस ने बचाव में आरोपियों के पैरों की तरफ फायर किए तो दो बदमाश सुनील व प्रिंस के पैर में गोली लगी। तीनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि उन्होंने डाहर गांव निवासी शीलू के कहने पर दशहत फैलाने के लिए ट्रांसपोर्टर पर फायरिंग की थी। शीलू किसी अन्य देश में गया हुआ है। आरोपी शीलू का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया है।


