जालंधर| गीता मंदिर, अर्बन एस्टेट फेज-1 में भगवान शिव कथा का पाठ 3 फरवरी से 7 फरवरी तक श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न होगा। यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए आध्यात्मिक जागरण एवं सांस्कृतिक चेतना का एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा। इस दिव्य आयोजन के शुभारंभ के अवसर पर 3 फरवरी को सायं 3 बजे गीता मंदिर परिसर से एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे एवं समाज के गणमान्य लोग भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ भाग लेंगे। मंदिर के प्रधान राजेश अग्रवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कथा श्रवण को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त है। हमारे धार्मिक ग्रंथों, पुराणों, रामायण, महाभारत आदि में कथा को केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि आत्मिक उन्नति और आध्यात्मिक साधना का माध्यम माना गया है। श्रद्धा और विश्वास के साथ कथा सुनने से मन को शांति मिलती है तथा व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि महादेव सत्य हैं और सत्य ही शिव है। भगवान शिव की कथा हमें सत्य, करुणा, त्याग और मानवता का मार्ग दिखाती है। शिव कथा का प्रचार समाज को अज्ञान और अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश की ओर ले जाने का प्रयास है। यह हमें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने, धर्म के वास्तविक स्वरूप को समझने तथा मानव सेवा को ही सबसे बड़ा धर्म मानने की प्रेरणा देती है। इस मौके अनुराग अग्रवाल, महेंद्र प्रताप, अनुराग अग्रवाल, नरगिस बत्रा, अंशुमानपुरी, विजय गुप्ता, योगेश सूरी, सतीश रहेजा व अन्य मौजूद रहे।


