पंजाबी एक्टर जय रंधावा ने अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपनी सेहत को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगाया है। जय रंधावा ने अपनी पोस्ट में लिखा है,– सत श्रीअकाल, मैं चढ़दी कला में हूं। दिल से आप सभी का शुक्रिया, आपकी अरदासें मेरे साथ हैं। करण करवाने वाला भी वही है और बचाने वाला भी वही। ठीक होते ही और ज्यादा ताकत और स्ट्रेंथ के साथ काम पर वापसी करूंगा।” इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस को राहत मिली है और सोशल मीडिया पर उनके जल्द ठीक होने की दुआएं की जा रही हैं। दरअसल, पिछले दिनों जय रंधावा फिल्म इश्कनामा 56 की शूटिंग के दौरान घायल हो गए थे। शूटिंग के समय एक अहम एक्शन सीन फिल्माया जा रहा था, जिसमें उन्हें ऊंचाई से जंप करना था। इस सीन के लिए क्रेन मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। शूटिंग के दौरान अचानक क्रेन मशीन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसी वजह से जय रंधावा सही तरीके से लैंड नहीं कर पाए और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे दीवार से जा टकराए थे। इस हादसे में उनका सिर दीवार से जोर से टकरा गया था। घटना का करीब 8 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हादसे के तुरंत बाद सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स ने जय रंधावा को संभाला और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी MRI समेत सभी जरूरी जांच की थीं। डॉक्टरों के अनुसार किसी भी तरह का गंभीर खतरा नहीं पाया गया था। फिलहाल जय रंधावा की हालत स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक पूरी तरह आराम करने की सलाह दी है।


