भास्कर न्यूज| लाठी होली का त्योहार नजदीक आ रहा है, लेकिन राजस्थान में कर्मचारियों को अपने ही मेहनत के पैसों के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है। लाठी क्षेत्र के भादरिया गांव में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में कार्यरत प्लेसमेंट एजेंसी के कर्मचारियों ने छात्रावास परिसर में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। पिछले 9 महीने से कर्मचारियों को उनके मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है। मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक समस्या से जूझ रहें कर्मचारियों ने भुगतान करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में प्लेसमेंट एजेंसी द्वारा नियुक्त कर्मचारियों ने छात्रावास परिसर में एकत्रित हुए। इस दौरान कर्मचारियों ने मानदेय की मांग को लेकर नारेबाजी के साथ विरोध किया। महिला कर्मचारी उर्मिला कंवर ने बताया कि छात्रावास में एक मुख्य रसोइया, चार सहायक रसोइया, एक कंप्यूटर ऑपरेटर, एक सहायक कर्मचारी तथा दो चौकीदार हरियाणा के सिरसा की डिंग मेन पावर एंड सिक्योरिटी सर्विस लिमिटेड के अधीन काम कर रहे हैं। उनका अप्रैल 2025 से दिसंबर 2026 तक का भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके साथ ही उनका घर-परिवार चलाना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं अगले महीने में होली का त्योहार भी है। ऐसे में भुगतान नहीं मिलने से उन्हें परेशानियों से सामना करना पड़ रहा है। चौकीदार भीखसिंह ने कहा कि उनका मानदेय भी बढ़ाया गया है, लेकिन बढ़ा मानदेय मिलना तो दूर भुगतान नहीं होने से कई परेशानी आ रही है। कर्मचारियों ने कहा पैसा नहीं मिला तो होली कैसे मनाएंगे। ऐसे में उन्होंने समय पर भुगतान करने की मांग की है। 15 जनवरी 2026 को हमने संबंधित फर्म सारे बिलों का भुगतान करवा दिया है। हम लगातार फर्म के संपर्क में है। आगामी दो दिन के अंदर कर्मचारियों का भुगतान करवा दिया जाएगा। -नवीनसिंह, कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा अभियान


