अवैध रूप से कंटेनर में भरकर 11 मवेशी को स्लॉटरिंग के लिए परिवहन करने वाले 3 आरोपियों को बैरसिया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 2 आरोपी फरार हैं। आरोपी कंटेनर में 6 भैंस, 4 पाड़े और एक पड़िया को बैरसिया से भोपाल बेचने ले जा रहे थे। 5 आरोपियों में एक कंटेनर का मालिक भोपाल निवासी शाहरुख कुरैशी है, जबकि, ड्राइवर इरशाद और हेल्पर जाहिद हैं। दो आरोपी पप्पू और खालिद बैरसिया के रहने वाले हैं। इन्होंने इन मवेशियों को इकट्ठा कर कंटेनर में लोड कराया था। बैरसिया थाना पुलिस ने बताया की घटना मंगलवार रात करीब 2:00 बजे की है। कंटेनर पकड़ने के बाद आरोपियों से मवेशियों के परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए। लेकिन, आरोपी कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा सके। पुलिस का कहना है की बंद कंटेनर में मवेशियों का परिवहन करना प्रतिबंधित है। आरोपियों ने मवेशियों को पहले बैरसिया में इकट्ठा किया। इसके बाद रात के समय उनको लोड कर भोपाल ले जा रहे थे। जिनको पुलिस ने पकड़ लिया। भोपाल मंडी में बेचने के लिए ला रहे थे पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मवेशियों को बेचने के भोपाल मंडी लेकर आ रहे थे। आरोपियों के पास से मवेशियों को खरीदने के संबंध में भी कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं। 17-18 दिसंबर की रात राजधानी के स्लॉटर हाउस के ट्रक में गोमांस मिलने के बाद स्लॉटर हाउस सील कर दिया गया था। ऐसे में सवाल ये भी है क्या आरोपी अवैध स्लॉटरिंग के लिए मवेशियों को भोपाल लेकर आ रहे थे। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है। पतली गली में कंटेनर देख पुलिस को सूचना दी
पुलिस ने बताया कि कंटेनर को बैरसिया कार्यालय के पास से पकड़ा है। रास्ता संकरा है। ऐसे में गली में बड़ा कंटेनर जाता देख रहवासियों को शक हुआ। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की तलाशी लेने पर कंटेनर के अंदर 11 मवेशी मिले। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


