भास्कर न्यूज | कवर्धा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 69वीं शालेय राष्ट्रीय स्तरीय बेसबॉल सीनियर बालक व बालिका वर्ग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रयास स्पोर्ट्स अकादमी कवर्धा के तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है। यह प्रतियोगिता दिल्ली में 30 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ की टीम बालक व बालिका दोनों वर्गों में हिस्सा लेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में बालक वर्ग से कृष सिन्हा, हिमेश दास मानिकपुरी और बालिका वर्ग से वैदेही सिन्हा शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी 27 जनवरी को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। अकादमी के प्रशिक्षक राजा जोशी ने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन अक्टूबर में बिलासपुर जिले में आयोजित राज्य स्तरीय बेसबॉल सीनियर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इस प्रतियोगिता में दुर्ग जोन ने बालक व बालिका दोनों वर्गों में रजत पदक हासिल किया था।


