केंद्राधीक्षक एवं पेपर कॉर्डिनेटर आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से आयोजित की जाने वाली माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं के सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर केंद्राधीक्षकों एवं पेपर कॉर्डिनेटरों की आमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन राउमावि में किया गया। कार्यशाला को एडीएम भुवनेश्वरसिंह चौहान ने संबोधित करते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। एडीएम चौहान ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेपर सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रश्न पत्रों की गोपनीयता बनाए रखना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रश्नपत्रों के संग्रहण, परिवहन एवं वितरण की प्रत्येक प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही की जाए। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, निगरानी, समयबद्ध परीक्षा संचालन एवं उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षित पैकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के उपयोग पर सख्ती से रोक लगाते हुए शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने पर बल दिया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक देवाराम प्रजापत ने बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी समस्या की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। पेपर कॉर्डिनेटरों को भी प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें, जिससे बोर्ड परीक्षाएं बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें। कार्यशाला के अंत में उपस्थित केंद्राधीक्षकों एवं पेपर कॉर्डिनेटरों ने दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा आयोजन का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक रामावतार मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *