अयोध्या सांसद बोले- हमारे नेता अरेस्ट किए जा रहे:मिल्कीपुर में भाजपा वोटरों को धमका रही; सपा ने कहा- रेड कार्ड थमाए जा रहे

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की वोटिंग से ठीक पहले सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा- भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को डरा रहे हैं। भाजपा के पक्ष में वोटिंग करने को लेकर धमकी दे रहे हैं। सपा के स्थानीय नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी अफसरों पर पक्षपात करने के आरोप लगाए। सपा ने अपने सोशल मीडिया X (पहले ट्विटर) पर दावा किया कि उनके नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को रेड कार्ड थमाया जा रहा है। मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है। भाजपा को वोट न देने पर घरों पर बुलडोजर चलवाने की धमकी दी जा रही है। सपा ने इसे भाजपा की साजिश बताया। आयोग से निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की अपील की। अब पढ़िए सांसद अवधेश प्रसाद ने जो कुछ कहा हमारे 24 से ज्यादा प्रधान हिरासत में लिए गए
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा- तरौली, रानीकपुर और मिर्जापुर खजूरी समेत कई क्षेत्रों के 24 से अधिक प्रधानों को हिरासत में लिया गया है। जनता ने भाजपा को हराने का मन बना लिया है और इंडी गठबंधन के उम्मीदवार अजीत प्रसाद को बड़े अंतर से जिताने का निर्णय किया है। अखिलेश यादव और डिंपल यादव की रैलियों में दो से ढाई लाख लोगों की भीड़ उमड़ी। यह जनता के समर्थन को दिखाती है। योगी सरकार महंगाई, गुंडागर्दी और किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। 84 कोसी परिक्रमा के नाम पर बिना मुआवजा जमीन अधिग्रहण किया गया। भाजपा फर्जी वोट डलवाने का प्रयास करेगी
अवधेश प्रसाद ने सीएम योगी पर भी निशाना साधा। कहा कि एक उपचुनाव में मुख्यमंत्री का 9 बार आना, 16 मंत्रियों और 84 विधायकों का प्रचार में लगाया जाना अभूतपूर्व है। भाजपा शहर में रहने वालों के फर्जी वोट डलवाने की कोशिश में है। भाजपा को वोट करने के लिए लोगों को डराया-धमकाया जा रहा है। उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की धमकी दी जा रही है। अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मतदान में जो भी कर्मचारी लगाए गए, उनमें से ज्यादातर भाजपा कार्यकर्ताओं के सगे-संबंधी हैं। पुलिस के ज्यादातर लोग भी भाजपा नेताओं के रिश्तेदार हैं। उन्हीं की पहचान करके यहां ड्यूटी पर लगाया गया है। भाजपाई पुलिस और प्रशासन की मदद से सपा के वोटरों को रोकने का प्रयास करेगी। इसकी शिकायत हम आईजी, चुनाव पर्यवेक्षक और चुनाव अधिकारी से करेंगे। चुनाव आयोग दिल्ली को भी शिकायत भेजेंगे। बताएंगे कि किस तरीके से लोकतंत्र की हत्या हो रही है। मतदाताओं को रोका जा रहा है, प्रधान बंद किए जा रहे हैं। इस हरकत को रोका जाए। हमें उम्मीद है। हमारी बातों पर लोग ध्यान देंगे और निष्पक्ष मतदान कराएंगे। पढ़िए सपा ने एक्स हैंडल से क्या पोस्ट किया
सपा ने अपने X अकाउंट पर पोस्ट में 3 पर्चियों की तस्वीरें शेयर की हैं। सपा की ओर से लिखा गया है कि मिल्कीपुर में विभिन्न बूथों को चिह्नित कर प्रशासन समाजवादी पार्टी के नेताओं और समर्थकों को अकारण रेड कार्ड दे रहा है। पुलिस भाजपा का कार्यकर्ता बनकर कार्य कर रही है। इस प्रकार की पहले भी शिकायतें जा चुकी हैं। कृपया चुनाव आयोग संज्ञान ले। सपा का कहना है कि यह कार्रवाई उनके मतदाताओं को डराने और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए की जा रही है। क्या होता है लाल कार्ड
लाल कार्ड पुलिस का एक विशेष नोटिस है। यह कार्ड पुलिस ने उन लोगों को चिह्नित कर देती है, जिन पर चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका रहती है। ऐसे में पुलिस इन व्यक्तियों को आगाह करती है कि अगर उन्होंने कोई गड़बड़ी की तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है। ——————– ये खबर भी पढ़ें- अखिलेश ने संसद में पूछा- महाकुंभ की लाशें कहां फेंकीं, योगी ने कहा- खड़गे और सपा अध्यक्ष की गिद्ध जैसी दृष्टि, पहले दिन से दुष्प्रचार कर रहे महाकुंभ भगदड़ पर अखिलेश यादव ने मंगलवार को संसद में कहा, प्रयागराज में लाशें पड़ी रहीं और फूल बरसाए जा रहे थे, ये शर्मनाक बात है। जेसीबी से लाशें हटाई गईं। सरकार बताए लाशें कहां फेंकी गई हैं। कुंभ हादसे के लिए जिम्मेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए। महाकुंभ में डबल इंजन सरकार फेल हो गई। महाकुंभ में व्यवस्थाएं सेना के हवाले कर देनी चाहिए। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा कि 29 जनवरी को महाकुंभ में हुई भगदड़ में हजारों लोग मारे गए थे। सरकार को बताना चाहिए कि सच्चाई क्या है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने उन्हें बयान (हजारों लोगों की मौत) वापस लेने को कहा था। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *