अलवर शहर व आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि शहर क्षेत्र में कुछ समय बाद धूप निकल आई, लेकिन कोहरे के बीच चल रही हल्की शीतलहर के कारण ठंड से कंपकंपी बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे के चलते दृश्यता करीब 60 मीटर तक सिमट गई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब विजिबिलिटी के कारण वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। तेज सर्दी के चलते जिले में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह तक तेज सर्दी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 31 दिसंबर के बाद नया वेदर सिस्टम सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से जिले में तेज आंधी और बारिश हो सकती है। बारिश होने की स्थिति में सरसों की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जबकि गेहूं की फसल के लिए यह बारिश लाभकारी मानी जा रही है।


