सागर की गोपालगंज थाना पुलिस ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उनके कब्जे से वारदात में उपयोग किया चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के सामने सुरक्षा गार्ड फरियादी अमोल पिता रामेश्वर यादव उम्र 40 साल निवासी ग्राम रुसल्ला ड्यूटी पर तैनात था। देर रात शराब के नशे में दो युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा गार्ड से गालीगलौज शुरू कर दी। मना करने पर मारपीट करने लगे। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध नजर
इसी दौरान आरोपी गोलू रैकवार ने चाकू निकाला और एक के बाद एक कई बार किए। घटना में चाकू लगने से सुरक्षा गार्ड अमोल गंभीर घायल हुआ। जिसे बीएमसी में भर्ती कराया गया था। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया। बीएमसी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध नजर आए। जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। आरोपियों की पहचान गोलू रैकवार और तन्नू रैकवार के रूप में हुई। पहचान होते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जंगल में छिपे बैठे थे आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा इसी बीच पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मनोरमा कॉलोनी के सामने यूटीडी के जंगल में मिली। लोकेशन मिलते ही बुधवार को पुलिस टीम ने जंगल में आरोपियों की घेराबंदी की और धरदबोचा। आरोपी तन्नू रैकवार और गोलू रैकवार दोनों निवासी मनोरमा कॉलोनी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि बीएमसी के सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में उपयोग किया चाकू जब्त किया है। पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।


