रीवा में भोपाल जाने वाली स्पेशल ट्रेन में शनिवार रात एक महिला से बदमाशों ने पर्स छीन लिया। पर्स में बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात थे। यात्री सुरेश कुमार सोनी और आशा सोनी की शिकायत पर मंगलवार को एफआईआर दर्ज की गई। महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कविता पांडे ने कहा कि रीवा से चलने वाली ट्रेनें यात्रियों के लिए असुरक्षित हो गई हैं। उन्होंने पिछले दिनों रेवांचल एक्सप्रेस में नगर निगम इंजीनियर द्वारा शराब के नशे में किए गए उत्पात का भी जिक्र किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सरकार महिला सुरक्षा में विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस कोच में शराबी मारपीट कर रहा था। उस कोच में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, जो घटना को देखकर बुरी तरह से सहम गए थे। घटना के सभी वीडियो सामने आने के बाद भी रेलवे ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं रीवा जीआरपी प्रभारी आर एस ठक्कर ने बताया- मामला संज्ञान में आते ही पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना रेवांचल एक्सप्रेस के अंदर नहीं बल्कि रीवा से चलकर भोपाल जाने वाली स्पेशल ट्रेन में घटित हुई है।


