राज्य में कहीं भी कैंसर पीड़ित की सूचना मिले तो सरकार को सूचित करें। फर्स्ट स्टेज में हमारी सरकार मरीज का इलाज कराएगी। ये बातें स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने नामकुम के आईपीएच सभागार में मंगलवार को विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। इस दौरान मंत्री ने झारखंड में सामान्य कैंसर के वृहत रूप से स्क्रीनिंग कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने आगे कहा कि स्वस्थ झारखंड और समस्त झारखंड की दिशा में हम लगातर आगे बढ़ रहे हैं। कैंसर जैसी बीमारियों पर पूर्व के आंकड़े और अब के आंकड़े में व्यापक अंतर आया है। आज जहां-जहां मोबइल के टावर लगे हैं, इसके आस-पास के लोग जरूर कैंसर पीड़ित मिलेंगे। रेडिएशन के कारण कैंसर फैल रहा है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि मोबाइल को अपने सामने नहीं रखें। सोते हुए मोबाइल को दूर रखें। सिगरेट का सेवन न करें। पान मसाला का सेवन भी बिल्कुल न करें। उन्होंने उदहारण देते हुए कहा कि संथाल परगना में बड़ी संख्या में लोग ओरल कैंसर से पीड़ित हो रहे हैं, कारण है सादा पान मसाला का सेवन। उन्होंने एनएचएम के अभियान निदेशक को निर्देश दिया कि कहीं भी कभी भी छापेमारी कराएं। राज्य के कोने-कोने में छापेमारी कराएं। बिक्री होने पर सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कैंसर की रोकथाम और इससे बचाव से संबंधित पोस्टर का लोकार्पण भी किया। 108 की तर्ज पर शुरू होगी 300 हाईटेक एंबुलेंस सेवा झारखंड में 108 की तर्ज पर हाइटेक एंबुलेंस सेवा शुरू होगी। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग काम कर रहा है। 300 एंबुलेंस के साथ यह सेवा शुरू होगी। वर्तमान की एंबुलेंस और 300 एंबुलेंस बढ़ने से गांव-कस्बों तक सेवा पहुंच सकेगी। इससे रिस्पॉन्स टाइम भी कम होगा। इसके अलावा मंत्री ने कहा कि बाइक एंबुलेंस भी शुरू किए जाएंगे। इसके संचालन की जिम्मेदारी सहिया बहनों को दी जाएगी। मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सहिया बहनों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बाइक चलाइए और मरीज को अस्पताल लेकर जाइए। राज्य सरकार जल्द ही राज्य की सहियाओं को टैब देने जा रही है, ताकि उनका काम और आसान हो सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जल्द ही राज्य में 5 नए सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल बनाने की दिशा में काम चल रहा है।कार्यक्रम में एनसीडी सेल के नोडल डॉ. लाल मांझी, निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. सीके शाही, आईएमए वीमेंस विंग की स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. भारती कश्यप, कैपेड की सीईओ मृदु गुप्ता व अन्य पदाधिकारी भी थे। मरीज की मौत के बाद पैसे ऐंठने वाले अस्पताल सील होंगे मंत्री ने कहा कि आए दिन निजी अस्पतालों की मनमानी की शिकायतें मिल रही हैं। सभी निजी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि इलाज के दौरान यदि किसी मरीज की मौत होती है, तो उसका बिल माफ करें। शव हैंडओवर करें। पर, सूचना मिल रही है कि कुछ निजी अस्पताल मरीज की मौत के बाद भी उसे जिंदा बताकर पैसे ले रहे हैं। मंत्री ने कहा कि अगर ऐसे अस्पताल के बारे में पता चल गया तो उसे तत्काल सील किया जाएगा। राज्य के सभी पीएचसी- सीएचसी में होगी कैंसर जांच एनएचएम के अभियान निदेशक अबु इमरान ने बताया कि कैंसर स्क्रीनिंग की शुरुआत मंगलवार से की गई। राज्य के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पीएचसी, सीएचसी में कैंसर की स्क्रीनिंग और जांच की जाएगी।


