एनडीआरएफ टीम और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सोमवार को रांची एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया। मॉक ड्रिल में दिखाया गया कि भूकंप आ जाए तो लोगों को कैसे बचाया जाएगा। मॉक ड्रिल में शामिल जवान सिर्फ लोगों की जान ही नहीं, बल्कि सामान की क्षति होने से भी बचाया। करीब 30 जवान थे, जो पैसेंजरों को रेस्क्यू कर बाहर निकाल रहे थे। घायलों को एंबुलेंस पर बैठा रहे थे। लोगों को समझा रहे थे कि भूकंप से घबराएं नहीं। एयरपोर्ट पहुंचे सैकड़ों यात्रियों ने मॉक ड्रिल का लुत्फ उठाया। इस ड्रिल में एनडीआरफ, एयरपोर्ट के फायर सर्विस, डिस्ट्रिक्ट के फायर सर्विस सीआईएसएफ के जवानों ने भाग लिया। मौके पर एनडीआरएफ की तरफ से ड्यूटी कमांडेंट रंजीत कुमार सिंह, रणविजय कुमार सिंह, बृजेश कुमार सिंह व एनडीआरएफ की टीम मौजूद थी।


