भास्कर न्यूज | जालंधर पिछले साल 20 दिसंबर से लेकर अब तक लोगों को आरटीओ कार्यालय में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ आरटीओ कार्यालय में मैन पावर की कमी चल रही है, जिसे पूरा नहीं किया जा रहा तो दूसरी तरफ आरटीओ की तरफ से अप्रूवल न करने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पिछले साल से पांच महीनों में पेंडिंग दर्जनों मामले हैं, जो आरटीओ की आईडी में पेंडिंग चल रहे हैं लेकिन उन्हें अप्रूवल नहीं दी जा रही है। इससे पेंडेंसी क्लियर नहीं हो रही और लोगों को सुविधा नहीं मिल रही है। मंगलवार को ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर सैकड़ों लोग जिसमें महिलाओं से लेकर बुजुर्ग भी शामिल थे। घंटों लाइनों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। इस दौरान कई आवेदकों ने आरटीओ कार्यालय के खिलाफ जमकर भड़ास भी निकाली और तल्ख लहजे में ट्रैक पर खड़े सेवादार से लेकर मुलाजिमों के साथ बहसबाजी करते नजर आए। उन्होंने कहा कि सरकारी फीस देने के बावजूद उन्हें घंटों लाइनों में लगना पड़ रहा है यहां तक कि कई युवा ऐसे थे, जिनके लर्निंग खत्म होने के बावजूद उन्हें दोबारा से फीस भरनी पड़ी जबकि इसमें सरकार की तरफ से उन्हें कोई कंपनसेट भी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे ही रहा तो जल्द जिला उपभोक्ता शिकायत निवारण कमिशन में आरटीओ से लेकर एसटीसी और पंजाब सरकार के खिलाफ केस दायर कर अपना अधिकार मांगेंगे। दूसरी तरफ लोग वाहनों की अप्रूवल के लिए भी पिछले कई महीनों से चक्कर काट रहे हैं, जबकि उन्हें अप्रूवल नहीं दी जा रही है। एक तरफ आरटीओ कार्यालय में सारा काम ऑनलाइन होने के चलते लोगों को ना आने के लिए कहा जाता है तो दूसरी तरफ अधिकारी अप्रूवल नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों को परेशान होकर आरटीओ कार्यालय के धक्के खाने पड़ रहे हैं। पंजाब से बाहरी वाहनों की अप्रूवल के लिए पहले एसओ वैल्यू डालते हैं, फिर इसके बाद क्लर्क डिस्क्लेमर निकलता है। इसके बाद सरकारी फीस जमा करने के लिए कोड दिया जाता है। जब आवेदक एक सरकारी प्रकिया के तहत पैसे जमा करवाता है तो उसके बाद एसओ रसीद जो ऑनलाइन निकलती है स्टांप पर अपनी मोहर लगते हैं जिसमें लिखा होता है कि पैसे पूरे गाड़ी के जमा है। इसके बावजूद तीन महीने से आरटीओ अप्रूवल नहीं कर रहे। मंगलवार को ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक पर लाइसेंस के लिए लोगों की भीड़ मौजूद रही। आप : कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के पास भी शिकायतें पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि जल्द आरटीओ की स्थायी नियुक्त की जाएगी और मुलाजिमों की कमी को दूर करते हुए लोगों को राहत मिलेगी। कांग्रेस : जिला कांग्रेस प्रधान राजिंदर बेरी ने कहा कि सरकार का सारा ध्यान दिल्ली की तरफ है और पंजाब के लोगों की परेशानी को हल नहीं किया जा रहा है। पेंडेंसी लगातार बढ़ती जा रही है जो चिंता का विषय है। पुरानी कंपनी को हटाने के बाद नई कंपनी ने काम शुरू नहीं किया। इसमें लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है और उनका समय बर्बाद करने के साथ उन्हें आर्थिक रुप से भी नुकसान हो रहा है। भाजपा : शहरी प्रधान सुशील शर्मा ने कहा कि सरकार का ध्यान लोगों की समस्याओं को खत्म करने की तरफ बिलकुल नहीं है। लाइसेंस की पेंडेंसी हजारों में पहुंच चुकी है। आरसी से लेकर गाड़ियों की अप्रूवल के लिए लोगों को महीनों का इंतजार करना पड़ रहा है। लोगों को दोबारा ज्यादा पैसे खर्च करके लाइसेंस बनवाना पड़ रहा है। जल्द पार्टी सत्र पर लोगों की समस्या को उठाएंगे।


