भास्कर न्यूज | कवर्धा जिला चिकित्सालय के ओपीडी हॉल में 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीएमएचओ डॉ. बीएल राज, सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव की अध्यक्षता में हुआ। इसमें डॉ. जितेन्द्र वर्मा (आरएमओ), डॉ. हर्षित टुवानी (एनसीडी कैंसर जिला नोडल अधिकारी), डॉ. अर्पित यादव डॉ. अनामिका पटेल, डॉ. रोशनी पटेल, डॉ. अंजू सोनवानी और बालाराम साहू ने कैंसर के बचाव के बारे में जानकारी दी। सिविल सर्जन ने कहा कि हर साल 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस बीमारी से लड़ने के लिए वैश्विक प्रयासों को प्रोत्साहित करने का एक अहम अवसर है। कैंसर, दुनिया में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, और इसके बढ़ते मामलों को देखते हुए इस दिन का महत्व और भी अधिक हो जाता है। कैंसर की रोकथाम, उपचार और इस बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए यह प्रयास बेहद जरूरी हैं। डॉ. जितेन्द्र वर्मा ने बताया कि यदि कैंसर का इलाज प्रारंभिक अवस्था में किया जाए, तो इसे ठीक किया जा सकता है। लेकिन अधिकतर मामलों में लोगों को इसके लक्षणों के बारे में जानकारी नहीं होती। जिसके कारण यह बीमारी अगली अवस्था में पहुंच जाती है। इलाज कठिन हो जाता है। गणेश साहू ने कैंसर से बचने के उपायों के बारे में बताया और साझा किया कि कैसे स्वस्थ हुए। 27 कैंसर मरीजों को अब तक दे चुके हैं कीमोथैरेपी डॉ. हर्षित टुवानी ने बताया कि अब भी कैंसर के मामलों में वृद्धि हो रही है। जिला चिकित्सालय कबीरधाम में कीमोथैरेपी की सुविधा उपलब्ध है और अब तक 60 से ज्यादा कीमोथैरेपी 27 कैंसर मरीजों को दी जा चुकी है। डॉ. अर्पित यादव ने स्तन कैंसर और शरीर में होने वाले बदलावों, गांठों की समय पर जांच, लक्षण और उपचार के बारे में जानकारी दी। डॉ. अनामिका पटेल ने महिला स्वास्थ्य, डॉ. रोशनी पटेल ने मुख कैंसर के बारे में बताया । स्व. सुधा देवी नर्सिंग कॉलेज’ की छात्राओं ने भी जागरूक किया।


