नरसिंहपुर जिले के बरमान स्थित शिवाजी यूथ क्लब की खो-खो खिलाड़ी श्रेया वर्मा का चयन तीसरी बार नेशनल लेवल की प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश टीम में हुआ है। वह खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 35वीं राष्ट्रीय सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। यह प्रतियोगिता सत्र 2025-26 में हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित की जाएगी। सीनियर नेशनल में एमपी का प्रतिनिधित्व कर चुकी है इससे पहले, श्रेया इसी साल तेलंगाना के काजीपेट में हुई सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में भी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने गत वर्ष उड़ीसा के सिमडेगा में आयोजित सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। महज 13 साल की उम्र में सीनियर नेशनल प्रतियोगिता खेलने वाली श्रेया वर्मा जिले की पहली खिलाड़ी हैं। यह उपलब्धि अपने आप में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। मजदूर पिता की बेटी जिले के लिए प्रेरणा बनी श्रेया वर्मा बरमान के नवीन विद्या भवन में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। उनके पिता सर्वेश वर्मा गुजरात की एक मिल में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी माता बरमान में चाय-नाश्ते का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद श्रेया की यह सफलता कई युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रही है। श्रेया की इस उपलब्धि पर शिवाजी यूथ क्लब, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


