सागर के रहली थाना क्षेत्र में कड़ता-खैराना रोड पर तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी में भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में वाहनों पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर घायल हुआ है। बुधवार शाम को हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही रहली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा बनाया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। गुरुवार को रहली अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार, अशोक सेन (उम्र 51 साल) निवासी पुरव्याऊ टोरी अपने भतीजे राज सेन के साथ रिश्तेदारों में शादी के कार्ड बांटने के लिए स्कूटी से खैराना गए थे। कार्ड बांटकर वह दोनों वापस सागर लौट रहे थे। तभी ग्राम कड़ता के पास सामने से आ रही बाइक से स्कूटी की भिड़ंत हो गई। अशोक अपनी बेटी की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा था। शादी 5 फरवरी को है। ऐसे में इस हादसे की वजह से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घायल का इलाज जारी
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और स्कूटी सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। घटना में सिर में गंभीर चोट लगने से अशोक सेन और बाइक सवार जितेंद्र पिता जगमोहन रैकवार उम्र 39 साल निवासी ग्राम तिली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं राज सेन गंभीर घायल हुआ। घटना देख राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल को अस्पताल भिजवाया। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों का पंचनामा बनाया। नगर निगम में चौकीदारी करता था जितेंद्र
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन रहली अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार सुबह पुलिस ने शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। शव परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं। परिचितों ने बताया कि मृतक जितेंद्र सागर नगर निगम में चौकीदार के पद पर पदस्थ था। वह निजी काम से सागर से रहली जा रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गया। रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।


