भिंड कलेक्ट्रेट का कांच टूटने पर 4-5 लोगों पर FIR:UGC कानून के विरोध में हुए था आंदोलन, सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज

UGC कानून के विरोध में बुधवार को भिंड शहर में आयोजित सवर्ण समाज के आंदोलन के दौरान कलेक्ट्रेट भवन के मुख्य प्रवेश द्वार का कांच टूट गया। मामले में कलेक्ट्रेट में तैनात सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने 4 से 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। धन्वंतरी कॉम्प्लेक्स से कलेक्ट्रेट तक निकाली रैली बुधवार दोपहर सवर्ण समाज द्वारा UGC कानून के विरोध में बड़ा आंदोलन आयोजित किया गया था। इस दौरान धन्वंतरी कॉम्प्लेक्स से कलेक्ट्रेट तक युवाओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। ज्ञापन देने पहुंचे, अधिकारी नहीं मिले रैली के कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था। इससे कुछ युवा आक्रोशित हो गए। अधिकारियों की अनुपस्थिति से नाराज युवकों ने कलेक्ट्रेट भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगे चैनल को खोलने का प्रयास किया। इसी दौरान अफरा-तफरी के बीच प्रवेश द्वार पर लगा कांच टूट गया। सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज घटना के बाद कलेक्ट्रेट में तैनात सुरक्षा कर्मी ने देहात थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि आंदोलन के दौरान कुछ अज्ञात युवकों द्वारा कलेक्ट्रेट भवन में जबरन प्रवेश का प्रयास किया गया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। शिकायत के आधार पर देहात थाना पुलिस ने 4 से 5 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद विवेचना शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि कांच तोड़ने में शामिल लोगों की पहचान की जा सके। साथ ही आंदोलन में शामिल प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना सभी का अधिकार है, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है। दोषियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *