अमृतसर जिले में नगर निगम की लापरवाही के कारण सड़क हादसा हो गया। बता दे कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कचहरी पुल से उतरते समय सड़क पर अचानक खोदे गए गड्ढे और बिना सुरक्षा इंतजाम खड़े पानी के टैंकर से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दे कि ड्राइवर को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल के परिजनों ने लगाए आरोप वहीं घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहां काम चल रहा था, वहां न तो कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग की गई थी। रात के अंधेरे में सड़क पर अचानक खड़े टैंकर को देख पाना संभव नहीं था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। सुरक्षा के नहीं कोई इंतजाम परिजनों ने बताया कि वे भंडारी पुल की ओर जाने के लिए कचहरी पुल से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान बीआरटीएस लेन में नगर निगम की पानी वाली टैंकर ट्रॉली खड़ी थी। सड़क पर खुदाई का काम चल रहा था, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे, जिससे तेज रफ्तार कार सीधे टैंकर से जा टकराई। पुलिस ने की घटनास्थल की जांच पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। एसएचओ गुरजीत सिंह ने बताया कि बीआरटीएस लेन में नगर निगम के कर्मचारी काम कर रहे थे। पानी की टंकी ट्रॉली सड़क पर खड़ी थी, लेकिन उसके पीछे और साइड में पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में घायल के परिजनों के बयान दर्ज करने के लिए एक टीम अस्पताल पहुंची है। बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ऐसी लापरवाही पहले भी हादसों का कारण बन चुकी है। नियमों के अनुसार, यदि सड़क पर काम चल रहा हो तो उस रास्ते को बंद करना या पूरी सुरक्षा व्यवस्था करना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया।


