भास्कर अपडेट्स:महाराष्ट्र में ट्रेन की सीट को लेकर विवाद में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नंदुरबार रेलवे स्टेशन पर एक एक्सप्रेस ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद में 26 साल युवक की हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि रविवार शाम चेन्नई-जोधपुर एक्सप्रेस में हुए इस हमले के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, पीड़ित सुमेर सिंह और 40 वर्षीय परबत परिहार चेन्नई से जोधपुर जा रहे थे। जब ट्रेन भुसावल स्टेशन पहुंची, तो उनकी एक यात्री से सीट को लेकर बहस हो गई। इसके बाद उस यात्री ने अपने कुछ दोस्तों को नंदुरबार स्टेशन बुला लिया, जहां हमला हुआ। जब ट्रेन नंदुरबार पहुंची, तो यात्री के दोस्तों ने धारदार हथियारों से दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंचने तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सुमेर सिंह की सोमवार तड़के मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आज की अन्य प्रमुख खबरें… सड़क पर पान मसाला या तंबाकू थूकने वालों पर जुर्माना लगाएगी बंगाल सरकार पश्चिम बंगाल में सरकार अगले बजट सत्र में एक नया बिल पेश करने जा रही है, जिसमें पान मसाला या तंबाकू चबाकर सड़क पर थूकने वाले लोगों पर भारी जुर्माने का प्रावधान होगा। मंगलवार को राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। कैबिनेट के एक सदस्य ने बताया कि मुख्यमंत्री खुद सार्वजनिक स्थानों पर थूकने, तंबाकू और पान मसाला चबाने की बढ़ती आदतों को लेकर नाराज थीं। उन्होंने खासतौर पर इस बात पर चिंता जताई कि लोग नई पेंट की गई दीवारों और फुटपाथों पर थूककर राज्य सरकार की सौंदर्यीकरण योजना को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी वजह से इस मुद्दे पर कड़ा कदम उठाने का फैसला किया गया। हालांकि, अभी जुर्माने की सटीक राशि तय नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, हर बार उल्लंघन करने पर 1,000 रुपए का जुर्माना लगने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *