देवेंद्रनगर: चोरी की कार ने युवक को घसीटा:1 KM तक बोनट पर फंसा रहा, दो घायल, आरोपी फरार

देवेन्द्रनगर के चांदनी चौक इलाके में 28 जनवरी की देर रात एक अज्ञात चोर ने खड़ी कार चुरा ली। भागते समय चोर ने दो युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक कार के बोनट पर फंसकर करीब एक किलोमीटर तक घिसटता रहा। जानकारी के अनुसार, कार मालिक प्रीतम गर्ग चांदनी चौक आए थे और अपनी कार की चाबी गलती से अंदर ही छोड़ दी थी। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर ने गाड़ी चालू की और सतना की ओर तेजी से भागने लगा। मालिक के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन चोर ने रफ्तार बढ़ा दी।
भागने के दौरान चोर ने बड़वारा मोड़ के पास टहल रहे दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। घायलों की पहचान देवेन्द्रनगर निवासी उज्ज्वल जैन (22 वर्ष) और अनस खान (22 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि उज्ज्वल जैन कार के बोनट में ही फंस गए। निर्दयी चोर ने गाड़ी नहीं रोकी और उज्ज्वल को लगभग एक किलोमीटर दूर तक घसीटते हुए ले गया। आखिरकार, नुनाही मोड़ के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटते ही चोर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन बुलाकर पलटी हुई कार को सीधा करवाया और उसे जब्त कर लिया है। दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। देवेन्द्रनगर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने 29 जनवरी को बताया कि अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप और आक्रोश का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *