सिंगरौली जिले के विंध्यनगर इलाके में बुधवार देर रात एक पारिवारिक विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब पति की शराबखोरी से तंग आकर पत्नी और बेटे ने सरेआम उसका विरोध किया। इस घटना का वीडियो गुरुवार को घटना का वीडियो सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब पति एक दुकान में बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी और बेटा वहां पहुंचे और शराब पी रहे व्यक्ति से बहस करने लगे। बताया जा रहा है कि पति अक्सर शराब पीकर घर आता था, जिससे परिवार में आए दिन झगड़े होते थे। बुधवार को पत्नी को जानकारी मिली कि पति दुकान में बैठकर शराब पी रहा है। इसके बाद वह बेटे के साथ मौके पर पहुंची और विरोध प्रदर्शन करने लगी। हंगामे के दौरान लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और आपसी गाली-गलौज का माहौल बन गया, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव फैल गया। हालांकि, इस पूरे मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। विंध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि पति-पत्नी और बेटे के बीच आपसी विवाद और गाली-गलौज की जानकारी सामने आई है, लेकिन फिलहाल थाने में किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।


