पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम विभाग मंत्री व भिण्ड जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने गुरुवार को अमर शहीद शैलेन्द्र सिंह भदौरिया के पैतृक गांव ग्राम चितावली, विधानसभा क्षेत्र अटेर पहुंचकर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में सर्चिंग ऑपरेशन के दौरान हादसे में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद शैलेन्द्र 04 आरआर यूनिट में पदस्थ थे। प्रभारी मंत्री ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और गहन शोक व्यक्त किया। श्रद्धांजलि के बाद मंत्री श्री पटेल शहीद के परिजनों से भावुक होकर मिले। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि मां भारती की सेवा में दिया गया यह सर्वोच्च बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद शैलेन्द्र की शहादत आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा शहीदों के बलिदान से ही सुनिश्चित होती है और पूरा राष्ट्र शहीद परिवार के साथ खड़ा है।
प्रभारी मंत्री ने भरोसा दिलाया कि शासन-प्रशासन की ओर से शहीद परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीद शैलेन्द्र के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें। इस अवसर पर भिण्ड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर अमर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ये खबर भी पढ़े- भिंड में बलाएं लेकर फौजी पति को दी आखिरी विदाई:लोगों से बोलीं- रोना-धोना बंद करो, कुछ नहीं होगा, 6 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि


