हिमाचल के ट्रस्ट को ब्रिटिश संसद में मिला सम्मान:जनसेवा कार्यों के लिए अध्यक्ष अभिषेक राणा ने प्राप्त किया अवॉर्ड

हिमाचल प्रदेश के सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को ब्रिटिश संसद (हाउस ऑफ लॉर्ड्स, लंदन) में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान ट्रस्ट को उसके उत्कृष्ट और निःस्वार्थ जनकल्याणकारी कार्यों के लिए प्रदान किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने यह सम्मान ग्रहण किया। यह सम्मान इंटरनेशनल समिट एंड अवार्ड्स कार्यक्रम के तहत दिया गया, जिसका आयोजन यूनाइटेड किंगडम की ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में हुआ था। इस कार्यक्रम में विश्वभर से आए सामाजिक, शैक्षणिक और सेवा क्षेत्र की विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लॉर्ड्स, मंत्रीगण और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट को यह सम्मान ब्रिटिश सांसद इबाल हुसैन मोहम्मद और ब्रिटिश लेबर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व ऑक्सफोर्ड लॉर्ड मेयर मार्क लीगो ने प्रदान किया। इस दौरान भारतीय मूल के ब्रिटिश सांसद कनिष्क नारायण और लॉर्ड रावल सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। अभिषेक राणा बोले- ट्रस्ट की स्थापना निःस्वार्थ सेवा के लिए हुई अभिषेक राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट की स्थापना पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने समाज के गरीब, असहाय और जरूरतमंद वर्ग की निःस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ की थी। उनकी दूरदर्शी सोच और मार्गदर्शन ही आज ट्रस्ट की पहचान और मजबूती का आधार है। वर्तमान में ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क मेडिकल कैंप, महिला सशक्तिकरण, खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन और आपदा के समय बिना किसी सरकारी या निजी सहायता के सेवा कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान विशेष रूप से ट्रस्ट द्वारा वर्षों से आयोजित किए जा रहे निःशुल्क मेडिकल कैंपों और व्यापक जनसेवा कार्यों को ध्यान में रखते हुए दिया गया है। इन कैंपों से हजारों जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिला है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों के ऑपरेशन और विशेष उपचार का खर्च भी ट्रस्ट स्वयं वहन करता है।अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि इस सम्मान का श्रेय केवल संस्था या किसी एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उन सभी समाजसेवियों, चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं को जाता है, जो वर्षों से निःस्वार्थ भाव से ट्रस्ट के साथ जुड़े हुए हैं। अभिषेक राणा ने आगे कहा कि यह उपलब्धि ट्रस्ट को भविष्य में और अधिक ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा के कार्य करने की प्रेरणा देगी। यह सम्मान न केवल सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के लिए, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *