हनुमानगढ़ में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर रिद्धिमा शर्मा के खिलाफ गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन पर सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने और धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने का आरोप है। यह शिकायत मुंसरी गांव निवासी संजय उर्फ मोहरसिंह स्वामी ने दर्ज कराई है। परिवादी संजय स्वामी ने पुलिस को बताया कि रिद्धिमा शर्मा गोगामेड़ी स्थित गोगाजी मंदिर आई थी। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर 2 समुदायों के बीच नफरत और धार्मिक उन्माद फैलाने के उद्देश्य से व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार, रिद्धिमा शर्मा ने दुर्भावनापूर्ण इरादे से मंदिर के मुस्लिम पुजारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और जोर-जोर से चिल्लाकर वहां मौजूद लोगों से अभद्र भाषा में बात की। परिवादी का कहना है कि उनके इस कृत्य से धार्मिक स्थल और श्रद्धालुओं का अपमान हुआ, जिससे उनकी आस्था को ठेस पहुंची है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चंद्रकला ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि रिद्धिमा शर्मा के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें उन्होंने गोगाजी मंदिर में समुदाय विशेष के लोगों की मौजूदगी पर टिप्पणी की थी।


