टीटीई ने छात्र को पैसे देकर वसूले 1.39 लाख एक्सट्रा:छात्र को 2.55 लाख रुपए उधार देकर हर महीने वसूल रहा था 15% ब्याज, लेट होने पर 1000 तक पेनाल्टी, मां ने दर्ज करवाई FIR

कुम्हारी थाना क्षेत्र से अवैध सूदखोरी और जबरन वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक पीड़ित परिवार ने कुम्हारी रेलवे स्टेशन में टिकट काटने वाले रेलवे कर्मचारी पर अपने 20 वर्षीय बेटे को उधारी के जाल में फंसाकर भारी ब्याज वसूलने, धमकी देने और जान से मारने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार अविनाश ट्वीनसिटी कुम्हारी निवासी सुमन टंडन (45) ने शिकायत की है कि उनके पुत्र लक्ष्य टंडन, जो वर्तमान में पढ़ाई कर रहा है और जिसकी कोई नियमित आय नहीं है, को रेलवे टीटीई सचिन द्विवेदी ने बिना परिवार की जानकारी के उधारी पर रकम दी। शुरुआत में आरोपी ने लक्ष्य टंडन को थोड़ी-थोड़ी रकम उधार दी, जो धीरे-धीरे बढ़कर करीब 2 लाख 55 हजार रुपये तक पहुंच गई। पैसे देने में देर होने पर वसूलता था 1 हजार पेनाल्टी
इस उधारी पर 15 प्रतिशत की दर से ब्याज लगाया गया। इतना ही नहीं, समय पर रकम न देने पर प्रतिदिन 350 से 750 रुपये तक जुर्माना और कभी-कभी 1000 रुपये प्रतिदिन तक की पेनल्टी वसूली जाती थी। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबाव, डर और धमकियों के चलते लक्ष्य टंडन से अब तक कुल 3 लाख 94 हजार 816 रुपये वसूले जा चुके हैं। इसमें से 3 लाख 1 हजार 166 रुपये फोन-पे के माध्यम से बैंक खाते से और 93 हजार 650 रुपये नगद लिए गए। इसके बावजूद आरोपी द्वारा और रकम की मांग की जा रही है। अकेला और गुसमुम रहने लगा बेटा तो परिवार को हुआ शक
मां सुमन टंडन के अनुसार बेटे के व्यवहार में अचानक बदलाव, गुमसुम रहना, अकेला रहना, डर और चिड़चिड़ापन देखकर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। जब गहराई से पूछताछ की गई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से अवैध रूप से वसूली गई अतिरिक्त रकम लगभग 1 लाख 39 हजार 816 रुपये वापस करने की मांग की, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। टीटीई पर अन्य लोगों को भी पैसे देकर सुदखोरी का आरोप
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी क्षेत्र में अन्य लोगों से भी इसी तरह ब्याज पर पैसा देकर अवैध वसूली करता है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर अवैध रूप से वसूली गई रकम वापस दिलाने और बेटे को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। इस मामले में कुम्हारी थाना प्रभारी का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *