हनुमानगढ़ जिले के मक्कासर गांव के पास गुरुवार को लोक परिवहन बस और एक कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कार सवार पिता-पुत्र घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना उस समय हुई जब कार सवार पेट्रोल पंप से तेल भरवाने के बाद हाईवे पर चढ़ रहे थे। इसी दौरान पीलीबंगा से हनुमानगढ़ की ओर आ रही लोक परिवहन बस ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार सड़क पर पलट गई और उसमें सवार दोनों लोग अंदर फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल कार सवारों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान कार ड्राइवर मनवीर सिंह और उसके पिता छिंद्रपाल के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छिंद्रपाल की हालत गंभीर बताई है और उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी है। मनवीर सिंह का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद लोक परिवहन बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस थाना क्षेत्र के एएसआई जयसिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और कार को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई है और फरार बस ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


