जयपुर में एक युवक के किडनैप की कोशिश करने का मामला सामने आया है। स्विफ्ट कार में किडनैप करने आए बदमाश सरिए-डंडे से लैस होकर आए थे। विरोध करने पर हाथ-पैर तोड़कर बदमाश फरार हो गए। खोह नागोरियान थाने में पीड़ित युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। ASI उदयवीर ने बताया- करौली के बाल घाट निवासी 27 साल के युवक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। वह खोह नागोरियान के लूनियावास में किराए से रहता है। मंगलवार सुबह वह खातीपुरा रेलवे स्टेशन जाने के लिए घर से निकला था। गोनेर रोड पर रोपड़ा मोड़ पर खड़ा होकर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट कार में चार-पांच बदमाश आए। आरोप है कि बदमाशों ने उसका किडनैप करने की कोशिश की। विरोध करने पर स्विफ्ट कार में रखे डंडे-सरिए निकाल लिए। बदमाशों ने उसके साथ डंडे-सरिए से जमकर मारपीट की। लोगों को इकट्ठा होते देखकर बदमाश उसे छोड़कर कार में बैठकर फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया गया। मारपीट से हाथ-पैर में फैक्चर होने का पता चला। खोह नागोरियान थाने में पीड़ित ने मारपीट कर किडनैपिंग की कोशिश का मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


