भिंड जिले के मिहोना बायपास पर गुरुवार को तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस युवक को करीब सौ मीटर तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रिपुदमन स्कूल के पास जाम लगा दिया। हादसे में मृतक की पहचान जसवंत जाटव (35) पुत्र रणधीर जाटव, निवासी वार्ड क्रमांक 14 मिहोना के रूप में हुई है। बताया गया कि जसवंत मच्छर रोड से मछरिया रोड होते हुए अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोने की ओर से आ रही धर्मेंद्र ट्रैवल्स की बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि बाइक सवार जसवंत बस के नीचे फंस गया और चालक उसे करीब सौ मीटर तक घसीटता ले गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डेढ़ घंटे बायपास पर जाम
घटना की सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक पुलिस शव को पीएम हाउस ले जा चुकी थी। इससे नाराज स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने रिपुदमन स्कूल के पास बायपास पर जाम लगा दिया, जो करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान तेज रफ्तार बस चालक और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से तीखी बहस भी हुई। एक साल में तीसरी मौत
स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छर-मछरिया बायपास एक्सीडेंटल पॉइंट बन चुका है। यहां से गुजरने वाले वाहन 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हैं, जिससे बायपास पार करने वाले लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। लोगों के मुताबिक, बीते एक साल में यह तीसरी मौत है, जबकि 5 से 6 गंभीर दुर्घटनाओं में लोग घायल भी हो चुके हैं।


