क्राइम रिपोर्टर | रांची डोरंडा थाना क्षेत्र के डिबडीह स्थित कृष्णा ज्वेलर्स दुकान में सेंधमारी की घटना में शामिल 7 आरोपी को मंगलवार को जेल भेज दिया गया। इसमें तफाजुल शेख उर्फ लड्डू, कमरूज जमाल उर्फ मिथुन, सलमान शेख, दाऊद शेख, गुलाब मोहम्मद उर्फ मो. अली, मदन स्वर्णकार और नरेश स्वर्णकार है। मदन और नरेश खरीदार है, जो चोरी की जेवरात अपने पास रखता था। सभी आरोपी साहिबगंज के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कहा कि कमरूज जमाल उर्फ मिथुन गिरोह का सरगना है। उसी ने ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी का प्लान बनाया था। उसी के कहने पर सभी साहिबगंज से रांची पहुंचे थे और डोरंडा स्थित कृष्णा ज्वेलर्स में चोरी की घटना का अंजाम देकर फरार हो गए थे। इसके बाद सभी ने मदन और नरेश के पास चोरी की जेवरात बेच दी थी। सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मालूम हो कि 31 दिसंबर 2024 की रात अज्ञात अपराधियों ने कृष्णा ज्वेलर्स में चोरी की घटना का अंजाम दिया था। पीड़ित ज्वेलरी दुकान संचालक ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। चोरी के बाद साथ ले गया था सीसीटीवी का डीवीआर अपराधियों ने चोरी की घटना का अंजाम देने के बाद पुलिस से बचने की भी पूरी तैयारी की थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर भी साथ ले गया था। टेक्निकल सेल के माध्यम से पुलिस अपराधियों तक पहुंच गई। पुलिस ने डीवीआर भी जब्त कर ली है। सेंधमारी करने में इस्तेमाल किया गया औजार भी आरोपियों के पास से बरामद किया गया है। घटना में शामिल तीन आरोपियों का आपराधिक इतिहास है, पहले भी जेल जा चुके हैं। जमानत पर छूटकर जेल से बाहर आने के बाद फिर से चोरी की घटना का अंजाम दे रहा था। तफाजुल शेख उर्फ लड्डू के खिलाफ पहले से साहिबगंज स्थित कोटलपोखर थाना में प्राथमिकी दर्ज है। कमरूज जमाल उर्फ मिथुन के खिलाफ गोड्डा थाना और सलमान शेख के खिलाफ नामकुम थाने में प्राथमिकी दर्ज है।


