शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के भड़ोता गांव में बुधवार रात एक सड़क हादसा हुआ। सड़क किनारे आग ताप रहे चार ग्रामीणों को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी। इस घटना में एक ग्रामीण की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, भड़ोता गांव निवासी 37 वर्षीय हरमोहन पुत्र जसवंत गुर्जर रात में अपने मवेशियों के साथ बाहर थे। वे गांव के अन्य ग्रामीणों दीपेश लोधी, अवतार गुर्जर और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ सड़क किनारे खेत की मेड़ पर आग ताप रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे उनसे जा टकराई। बाइक की सीधी टक्कर हरमोहन गुर्जर को लगी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया
हादसे में घायल हुए तीनों ग्रामीणों को उपचार के लिए कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने हरमोहन गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद, हरमोहन गुर्जर के परिजनों ने कोलारस थाने पहुंचकर बाइक सवार पर जानबूझकर टक्कर मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि बाइक ड्राइवर शराब के नशे में था और दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश थी। उनका आरोप है कि इसी वजह से घटना को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


