सर्द हवाओं से फिर बढ़ी ठंड:रात का तापमान 5 डिग्री हुआ कम, सिंगल डिजिट पर आया टेंपरेचर

चित्तौड़गढ़ में सर्द हवाओं के चलते एक ही रात में 5 डिग्री से ज्यादा तापमान में कमी आई है। बुधवार सुबह भी सर्द हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। सोमवार रात को हुई बूंदाबांदी के बाद अचानक ठंड वापस बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो-तीन दिन में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट होगी। सुबह सर्द हवाओं ने कंपाया चित्तौड़गढ़ के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में काफी कमी आई है। रात के तापमान में तो 5.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक ही रात में टेंपरेचर 13 डिग्री से 7.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। मंगलवार पूरे दिन भर आसमान में बादलों की आवाजाही रही है। वही शाम होते ही सर्द हवाओं से ठंडक बढ़ गई है। बुधवार सुबह भी गलन महसूस की जा रही है। कड़क धूप होने के बावजूद भी ठंड महसूस हो रही है। मंगलवार दोपहर के तापमान में 0.6 डिग्री की कमी आई थी जिसके बाद तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि सोमवार को दिन का तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तापमान में होगी कमी मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ के मौसम में अभी भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम साफ और शुष्क रहेगा लेकिन राज्य के मौसम में होने वाले बदलाव का असर चित्तौड़गढ़ में भी देखने को मिलेगा। आगामी 2 से 3 दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। बता दे कि चित्तौड़गढ़ में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी हुई थी जबकि आसपास के जिलों में बारिश भी दर्ज हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *