झारखंड के गोड्डा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में DBL कंपनी की ग्रेडर गाड़ी की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पौड़याहाट थाना क्षेत्र के नजीर टोला के पास हुई इस घटना में मृतक की पहचान शहीद वीरेंद्र महतो के भतीजे अनिल महतो के रूप में हुई है। क्या है पूरा मामला घटना उस समय हुई जब अनिल मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहा था। DBL कंपनी की ग्रेडर गाड़ी ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक अपने पीछे तीन महीने के नवजात बच्चे, पत्नी और मां को छोड़ गया है। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की और DBL कंपनी के एक डंपर को आग के हवाले कर दिया। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। मुआवजे के आश्वासन के बाद शांत हुए लोग सूचना मिलते ही गोड्डा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास और पौड़याहाट प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सरकारी मुआवजे का आश्वासन देकर स्थिति को नियंत्रित किया। पौड़याहाट थाना प्रभारी विनय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।


