पाली में मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन:जिला कलेक्टर बोले- जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सभी तक पहुंचाना हम सब की जिम्मेदारी

शहर के बांगड़ कॉलेज के सेमिनार हॉल में गुरुवार को जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने दो दिवसीय ‘वंदे मातरम् – 150 वर्ष: विकसित भारत, अन्नदाता का मान, श्रम शक्ति का सम्मान’’ विषयक मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केन्द्रीय संचार ब्यूरो सिरोही की ओर से इसका आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित वंदे मातरम् के 150 वर्ष तथा केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पैनलों का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। समारोह में जिला कलेक्टर एलएन मंत्री ने आमजन से अपील की कि वे इस मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। यह प्रदर्शनी वंदे मातरम् के 150 वर्ष के महत्व एवं केन्द्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। सही जानकारी ही पात्र व्यक्ति को योजनाओं का वास्तविक लाभ दिला सकती है। इस अवसर पर सुनील भंडारी ने केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2014 से किए गए प्रयासों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। डॉ. के.सी. सैनी ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति के विषय में जानकारी दी। सहायक डाक अधीक्षक मांगीलाल ने सुकन्या समृद्धि योजना, पी.एल.आई., इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक, आवर्ती जमा (आर.डी.) आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
जिला अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक देवेन्द्र कुमार जोशी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, जनधन खाता योजना एवं कुसुम योजना के बारे में जानकारी दी। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. रविन्द्र कुमार ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आंचल प्रसूता केन्द्र, जरावस्था केन्द्र योजना के बारे में जानकारी दी। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सिरोही के प्रभारी अधिकारी फूलचंद गहलोत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वंदे मातरम् के 150 वर्ष, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं जीएसटी सुधार 2.0 के संबंध में जानकारी दी। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय जयपुर के अभिषेक यादव ने अमृत भारत स्टेशन योजना, राष्ट्र प्रथम – राष्ट्रीय सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना पर जानकारी साझा की। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, डूंगरपुर के प्रभारी अधिकारी नरेश कुमार बैरवा ने कार्यक्रम का संचालन किया एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
उद्घाटन समारोह में सीओ सिटी मदन सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील भंडारी, एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र प्राचार्य डॉ. के.सी. सैनी, आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. बजरंग लाल शर्मा, बांगड़ कॉलेज प्रिंसिपल एमएस राजपुरोहित, चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग के डॉ. दुर्जन सिंह, डॉ. भैंरो सिंह, हेमंत कुमार, राकेश रमेशा, प्रियंका सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केन्द्र
कार्यक्रम में विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार दिए गए। लीला देवी पार्टी, पाली ने प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं का संदेश दिया गया। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, बैंक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा सूचना स्टॉल लगाए गए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के महिला-पुरुषों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *