जालंधर में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) एकता सिद्धूपुर और विभिन्न नगर पंचायतों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम करने की पूर्व निर्धारित तारीख में बदलाव किया है। बायोगैस सीएनजी प्लांट के विरोध में 30 जनवरी को होने वाला यह प्रदर्शन अब श्री गुरु रविदास महाराज जी के प्रकाश पर्व के सम्मान में टाल दिया गया है। नई घोषणा के अनुसार, अब यह ‘चक्का जाम’ 2 फरवरी 2026 को किया जाएगा। किसान नेता और बीकेयू एकता सिद्धूपुर के जिला प्रमुख कुलविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले 30 जनवरी को अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर मैकडोनाल्ड रोड जाम करने का ऐलान किया गया था। लेकिन, 29 जनवरी से 1 फरवरी तक श्री गुरु रविदास महाराज जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रम और शोभा यात्राएं निकाली जा रही हैं। धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सद्भाव का सम्मान करते हुए यूनियन ने 30 जनवरी के कार्यक्रम को स्थगित करने का निर्णय लिया। कुलविंदर सिंह ने कहा कि वे गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने वाले लोग हैं और उनके लिए आपसी भाईचारा और पारिवारिक सांझ सबसे ऊपर है। इसी एकता को मजबूत करने के लिए तारीख को आगे बढ़ाया गया है। अब यह विरोध प्रदर्शन 2 फरवरी को होगा, जिसमें 11 जिलों के किसान नेता और विभिन्न जत्थेबंदियां हिस्सा लेंगी। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य बायोगैस सीएनजी गैस प्लांट को बंद करवाना है, जिसके खिलाफ किसान और पर्यावरण प्रेमी लंबे समय से एकजुट हैं।


