धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में प्रसिद्ध माही पंचक्रोशी पदयात्रा गुरुवार को माही तट से प्रारंभ हुई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर और विधायक प्रताप ग्रेवाल ने भी इसमें हिस्सा लिया। पदयात्रा से पहले माही तट पर धर्म ध्वजा और अखंड ज्योत के लिए बोली लगाई गई। धर्म ध्वजा उठाने का लाभ विधायक पुत्र शिवाग ग्रेवाल ने 53 हजार रुपए में प्राप्त किया, जबकि अखंड ज्योत उठाने का लाभ कैलाश अमलियार ने 16 हजार रुपए में लिया। यह पदयात्रा माही तट स्थित बलदेव हनुमान मंदिर से पूजन-अर्चन के बाद महंत मंगलदास महाराज के सानिध्य में शुरू हुई। यात्रा सरदारपुरा, पंचमुखी चौराहा, अम्बेडकर चौराहा और बस स्टैंड होते हुए फुलगांवड़ी पहुंची, जहां ग्रामीणों ने फरियाली का स्वल्पाहार कराया। इसके बाद यात्रा पटलावदिया, झीर्णेश्वर, गोलपुरा, इमलीपुरा आदि गांवों से होते हुए शाम को प्रथम विश्राम स्थल मिंडा पहुंची। पदयात्रा के शुभारंभ पर केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल और पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया भी उपस्थित रहे। उन्होंने धर्म ध्वजा और अखंड ज्योत उठाकर धर्म लाभ प्राप्त किया। समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र मंडलोई ने बताया कि यात्रा के पहले दिन कई स्थानों पर स्वागत किया गया। इस दौरान समिति के कनकमल जैन, मधुसूदन गर्ग, चैतन्य वैष्णव, अंतरसिंह पुजारी, खुमानसिंह बारोड, अजय पाटीदार, जुझार डांगी, हुकुमसिंह सुनेर, रामेश्वर मारू और ओम बाबा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।


