डूंगरपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के भंडारिया घाटा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय ट्रक ड्राइवर की मौत हो गई। मंगलवार शाम को हुई इस घटना में मृतक विपुल खराड़ी अपनी बाइक से डूंगरपुर से घर लौट रहे थे। कोतवाली थाना के एएसआई मणिलाल के अनुसार, सीमलवाड़ा रोड स्थित भंडारिया घाटा के पास पत्थरों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विपुल की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विपुल को शरीर पर कई गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता लाला खराड़ी, जो भंडारिया के निवासी हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है। विपुल अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।


