बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को नापला गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। एम्बुलेंस नहीं पहुंचने पर भाजपा नेता ने निजी गाड़ी से हॉस्पिटल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, दनाक्षरी निवासी जीवा पुत्र कचरू और उसका भतीजा दिनेश पुत्र कालू बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नापला गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। एम्बुलेंस का इंतजार, लेकिन नहीं मिली मदद हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। हालांकि काफी देर तक इंतजार के बावजूद एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसी दौरान वहां से गुजर रहे भाजपा नेता परमेश्वर मईड़ा ने दोनों घायलों को अपनी निजी गाड़ी में बिठाया और महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जीवा और दिनेश का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें अस्पताल के वार्ड में भर्ती किया गया है।


