कोंडागांव ब्लॉक के कांग्रेस पदाधिकारियों ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने तौल में गड़बड़ी देखी और किसानों की समस्याओं को सुना। यह निरीक्षण 30 जनवरी को सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर होने वाले एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और चक्काजाम से एक दिन पहले किया गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन ने बताया कि कोंडागांव ब्लॉक और शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त टीम ने धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों ने बताया कि कई हजार किसान टोकन नहीं कटने और खरीदी की समय सीमा नहीं बढ़ने के कारण धान बेचने से वंचित हो रहे हैं। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई केंद्रों पर प्रति बोरा 40 किलो की जगह 41 या 42 किलो धान खरीदा जा रहा है। 30 को कांग्रेस का धरना प्रदर्शन दरअसल, किसानों की समस्याओं को देखते हुए कांग्रेस ने 30 जनवरी शुक्रवार को चौपाटी मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। इस दौरान धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाने की मांग की जाएगी। बता दें कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जनसंपर्क अभियान पदयात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने गांवों का दौरा किया था। उस समय किसानों ने अपनी समस्याएं साझा की थीं, जिसमें कई लैम्प्स में मानक से अधिक धान तौलने की शिकायतें भी शामिल थीं।


