बारां शहर में पूर्व पार्षद उमेश नागर पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिन्दू अखाड़ा समिति और बंकट व्यायामशाला ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को ज्ञापन सौंपा है। संगठनों ने शीघ्र कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। समिति के अध्यक्ष योगेश शर्मा, बंकट व्यायामशाला के अध्यक्ष भुवनेश सोनी और महामंत्री राजेंद्र गहलोत ने बताया कि 23 जनवरी को तलवाड़ा रोड स्थित कॉलोनी में पूर्व पार्षद उमेश नागर पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया था। इस हमले में नागर गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज अभी जारी है। घटना को लगभग एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन हमलावर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण आरोपी लगातार ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी हमलावरों ने व्यायामशाला के सदस्य कमल गहलोत पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें कमल के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। इस मामले में भी पुलिस तीन महीने बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इन घटनाओं पर कार्रवाई न होने से व्यायामशाला के सदस्यों में गहरा रोष व्याप्त है। पदाधिकारियों ने मांग की है कि घटना में संलिप्त हमलावरों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो हिन्दू अखाड़ा परिषद के साथ समस्त व्यायामशालाएं मिलकर जन आंदोलन करेंगी। इस संबंध में एएसपी राजेश चौधरी ने आश्वासन दिया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन सौंपते समय भुवनेश सोनी (अध्यक्ष, बंकट व्यायामशाला), योगेश शर्मा (अध्यक्ष, हिंदू अखाड़ा परिषद), राजेंद्र गहलोत (महामंत्री, बंकट व्यायामशाला), नेमीचंद यादव (सार्वजनिक व्यायामशाला), मोहन प्रजापति (हनुमान व्यायामशाला), जितेंद्र सुमन, तुषार मेहता, जतिन सौरभ शर्मा, विकास अदलखा, नीरज गुप्ता, मुकेश यादव, अनिल यादव, विजय महावर, सत्तू सुमन, अभी राठौर, अरुण गर्ग और हिमांशु गर्ग सहित बड़ी संख्या में व्यायामशाला सदस्य मौजूद थे।


