इंदौर के चंदन नगर में रहने वाली एक महिला बुधवार को तबीयत खराब होने की बात कहकर घर से निकली थी। डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर से वह लापता हो गई। महिला का शव गुरुवार सुबह सिंहासा में मिला। गुरुवार दोपहर परिवार के लोग शव की पहचान करने जिला अस्पताल पहुंचे। संभवतः महिला ने जहर खाकर जान दी है। इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है। चंदन नगर पुलिस के मुताबिक, सिंहासा के पास गुरुवार सुबह एक महिला की लावारिस लाश मिली थी। इसकी पहचान राजिया बी (38) पत्नी मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई। महिला बुधवार को अपनी सास से पेट दर्द होने की बात कहकर बेटे को साथ लेकर इलाके में एक डॉक्टर के क्लीनिक जाने की बात कहकर निकली थी। वहां डॉक्टर के नहीं होने पर उसने बेटे को घर लौट जाने को कहा था। इसके बाद राजिया घर नहीं पहुंची। बाद में परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पति मोहम्मद इकबाल ने बताया कि दो दिन पहले ही उनकी बेटी की शादी हुई थी और एक दिन पहले ही मेहमान घर से रवाना हुए थे। महिला किन परिस्थितियों में वहां पहुंची, इसकी जांच की जा रही है।


