छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय चुनाव 2025 के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। कांग्रेस शासन काल में गृह मंत्री रहे ताम्रध्वज साहू ने दुर्ग के राजीव भवन में घोषणा पत्र का विमोचन किया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुधार, स्वच्छता, जल आपूर्ति और नागरिक सेवाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण वादे किए हैं। पार्टी ने शहरी क्षेत्रों में सड़कों, बिजली और सार्वजनिक परिवहन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की गई है। इसमें कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्र का विस्तार और प्रदूषण नियंत्रण जैसे वादे शामिल हैं। कांग्रेस ने शहरी गरीबों के लिए आवास योजनाओं को बढ़ावा देने, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में नए संस्थानों की स्थापना का भी वादा किया है। महिलाओं, युवाओं, और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष कार्यक्रमों की घोषणा की गई है, जिसमें महिला सुरक्षा, कौशल विकास, और वृद्धजन कल्याण योजनाएं शामिल हैं। कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू ने कहा कि यह घोषणा पत्र शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विस्तृत योजनाओं का प्रस्ताव करता है। पार्टी ने जनता से इन वादों को पूरा करने के लिए समर्थन की अपील की है। ताम्रध्वज साहू ने कहा कि प्रदेश में घोषणा पत्र का विमोचन किया जा रहा है मुझे दुर्ग का दायित्व दिया गया है। उन्होंने 35 बिंदुओं का घोषणा पत्र का विमोचन किया और दावा किया कि यह घोषणा पत्र जनता की मूलभूत सुविधाओं को देखते हुए तैयार किया गया। बीजेपी पर साधा निशाना घोषणा पत्र विमोचन के दौरान पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी दुष्प्रचार विंग की तरह कार्य करती है। हमेशा दुष्प्रचार और झूठ बोलने का कार्य करती आ रही है। हमारी सरकार ने 5 साल में जितने भी वादे किए थे वह पूरे किए हैं। भाजपा सिर्फ जनता के साथ छलावा कर रही है।


